पुलिस मॉडर्न स्कूल में देशभक्ति के रंग में रंगा 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह

इटावा - देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं समस्त विद्यालय परिवार को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने विभिन्न देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने गीत, नृत्य, नाटक सहित विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम और राष्ट्रभक्ति की भावनाओं को जीवंत कर दिया। प्रस्तुतियों को देखकर एसएसपी ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की और उनका उत्साहवर्धन करते हुए सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को बधाई दी।
इस अवसर पर एसएसपी ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। आज हम सभी का दायित्व है कि देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत रखते हुए राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान दें।
उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत, ईमानदारी और राष्ट्रप्रेम को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी तथा राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना भी उनके व्यक्तित्व का हिस्सा होनी चाहिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम की सराहना करते हुए छात्र-छात्राओं को मिष्ठान वितरित किया तथा उन्हें भविष्य में भी अपनी प्रतिभा को निखारते हुए प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर भारत माता की जय और देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

रिपोर्टर - देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.