फरियादियों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए प्रभावी निस्तारण के निर्देश
इटावा : वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में नियमित जनसुनवाई की। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को एसएसपी ने गंभीरतापूर्वक सुना और उन्हें न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई में पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र एसएसपी के समक्ष प्रस्तुत किए। श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मौके पर ही संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से वार्ता कर शिकायतों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
एसएसपी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता न माना जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान और फरियादियों को न्याय दिलाना इटावा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पीड़ितों और फरियादियों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार रखते हुए उनकी समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए।
एसएसपी ने यह भी सुनिश्चित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारी तक पहुंचे और उस पर प्रभावी कार्रवाई हो। पुलिस कार्यालय में हुई इस जनसुनवाई के दौरान फरियादियों को उनकी समस्याओं के उचित समाधान का भरोसा दिलाया गया।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.