एसएसपी के निर्देशन और थाना प्रभारी वैदपुरा के नेतृत्व में वैदपुरा में जारी है जन-जागरूकता का महाअभियान
इटावा : इटावा में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा तथा स्वावलंबन के मोर्चे पर खाकी का दम पूरी ताकत के साथ दिखाई दे रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव के सख्त और स्पष्ट दिशा-निर्देशों के तहत, मिशन शक्ति फेज-5 के दूसरे चरण की गूंज चप्पे-चप्पे पर साफ सुनाई दे रही है।
इसी के तहत थाना प्रभारी वैदपुरा हाकिम सिंह के रणनीतिक नेतृत्व में वैदपुरा पुलिस की मिशन शक्ति पुलिस टीम ने क्षेत्र में पूरी मुस्तैदी और आत्मीय अंदाज के साथ जन-संपर्क अभियान का मोर्चा संभाल रखा है। मैदान पर उतरी पुलिस टीम ने जिस जोश और संवेदनशीलता के साथ माताओं, बहनों और बेटियों के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित किया , उसने अपराधियों और अराजक तत्वों के दिलों में खौफ पैदा कर दिया है, वहीं आम जनता के मन में पुलिस के प्रति भरोसा कई गुना बढ़ा दिया है।
इस निरंतर चलने वाले अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को पलक झपकते मदद पहुंचाने वाले अचूक सुरक्षा कवच यानी तमाम आपातकालीन नंबरों की ताकत से रूबरू कराया हैं। और हर किसी को यह साफ-साफ समझाया कि संकट की घड़ी में आपका एक फोन कॉल इटावा पुलिस को आपकी ढाल बनाकर खड़ा कर देगा।
सुरक्षा के इन अचूक नम्बरों में तुरंत मदद देने वाली पुलिस आपातकालीन सेवा 112, जीवन बचाने वाली स्वास्थ्य सेवा 102 व 108, शोहदों और अपराधियों के खिलाफ गरजने वाली वूमेन पावर लाइन 1090, नौनिहालों के संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिलाओं की हर फरियाद सुनने वाली वीमेन हेल्पलाइन 181, शासन स्तर पर सीधे न्याय दिलाने वाली मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, और डिजिटल ठगों को सलाखों के पीछे पहुंचाने वाली साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इन सभी नंबरों के इस्तेमाल का सही तरीका बेहद आसान शब्दों में हर महिला तक पहुंचाया गया।
सिर्फ कागजी बातें नहीं, बल्कि आज के इस डिजिटल और शातिर दौर में ऑनलाइन ठगी से बचाने के लिए पुलिस टीम ने जनता को साफ साफ बताया कि कोई भी शातिर शख्स फोन पर ओटीपी मांगे या मोबाइल स्क्रीन पर कोई अज्ञात और संदिग्ध लिंक चमके, तो उसे तुरंत इग्नोर कर दें। ऑनलाइन लेन-देन और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय जरा सी भी लापरवाही न बरतें, क्योंकि आपकी सतर्कता ही आपका सबसे मजबूत सुरक्षा चक्र है।
अभियान के दौरान क्षेत्र की महिलाओं को सुरक्षा पम्पलेट भी बड़े पैमाने पर बांटे गए। वैदपुरा पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा और साइबर जागरूकता का यह महाअभियान लगातार जारी है, ताकि वैदपुरा क्षेत्र की हर एक बेटी और महिला पूरी तरह सुरक्षित, निडर और जागरूक जीवन जी सकें।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह
No Previous Comments found.