इटावा में पुलिस परिवार ने दी आत्मीय विदाई: सेवानिवृत्त हुए उपनिरीक्षक रुद्रप्रताप सिंह और फायरमैन महिपाल सिंह

​इटावा :  आज पुलिस विभाग का माहौल एक अलग ही जज्बे और अपनेपन से भरा हुआ था। वर्षों तक खाकी की शान बनाए रखते हुए अपनी डयूटी पूरी निष्ठा से निभाने वाले दो पुलिसकर्मी आज अपनी सेवा पूरी कर विदा हुए, लेकिन यह विदाई महज़ औपचारिकता नहीं बल्कि परिवार के किसी सदस्य को नम आँखों और गर्व के साथ दी गई आत्मीय विदाई थी।

​थाना लवेदी के उपनिरीक्षक श्री रुद्रप्रताप सिंह और फायर सर्विस के फायरमैन श्री महिपाल सिंह ने अपनी उम्र के पड़ाव पर पहुँचकर जब अधिवर्षता आयु पूरी की, तो महकमे ने उनके सम्मान में एक भव्य विदाई समारोह आयोजित किया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभयनाथ त्रिपाठी ने जब उन्हें आगे बढ़कर स्मृति चिन्ह, एक घड़ी, प्रशस्ति पत्र और शॉल भेंट किया, तो उनके चेहरे पर दशकों की ईमानदारी से सेवा करने का सुकून साफ झलक रहा था।
​इस दौरान वहां मौजूद हर अधिकारी का दिल सम्मान से भर आया। अपर पुलिस अधीक्षक अपराध श्री संतोष कुमार सिंह और क्षेत्राधिकारी लाइन ,जसवंतनगर सुश्री आयुषी सिंह समेत तमाम पुलिसकर्मी इस पल के साक्षी बने। सभी ने उनके साथ बिताए उन पलों को याद किया जब इन साथियों ने हर चुनौती का डटकर सामना किया था। विभाग ने सिर्फ उन्हें विदा ही नहीं किया, बल्कि यह गहरा भरोसा भी दिया कि यह खाकी परिवार आज भी उतना ही उनका अपना है और भविष्य में कभी भी कोई जरूरत आन पड़े, तो पूरा महकमा उनके साथ मजबूती से खड़ा मिलेगा।
​सेवा की यह पारी भले ही आज पूरी हो गई हो, लेकिन सच तो यह है कि यह जिंदगी के उस नए और सुकून भरे अध्याय की शुरुआत है जहाँ अब अपनों के साथ वक्त बिताने की आज़ादी है। इटावा पुलिस ने आज यह साबित कर दिया कि वर्दी सिर्फ नौकरी का नाम नहीं, बल्कि एक ऐसा अटूट रिश्ता है जो रिटायरमेंट के बाद भी और गहरा हो जाता है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.