इटावा के मुक्केबाजों ने ईस्ट जोन में दिखाया दमखम, मनीष ने रजत और लकी ने जीता कांस्य पदक

इटावा : पुलिस मॉडर्न स्कूल, इटावा के होनहार मुक्केबाजों ने सीबीएसई ईस्ट जोन बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए जनपद का नाम रोशन किया है। 20 से 25 अगस्त तक चंदौली में आयोजित इस प्रतियोगिता में इटावा के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।

अंडर-17 के 57 से 60 किलोग्राम वर्ग में मनीष कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ मनीष ने सीबीएसई नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन 8 से 11 अक्टूबर तक आरबीएसएम पब्लिक स्कूल, गुरुग्राम में किया जाएगा।
वहीं, अंडर-19 के 46 से 49 किलोग्राम वर्ग में लकी राजपूत ने कड़े मुकाबलों में दमदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
दोनों खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा एवं पुलिस मॉडर्न स्कूल के प्रबंधक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने दोनों खिलाड़ियों को सम्मानित कर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बच्चों की यह सफलता विद्यालय के साथ-साथ अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और ऐसे प्रदर्शन से खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का उत्साह मिलता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त अधिकारीगण एवं शिक्षक श्री गजेंद्र सिंह तथा श्रीमती अलका सिंह ने भी खिलाड़ियों की सराहना करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया। वहीं, बॉक्सिंग कोच कु. रुखसार बानो ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता के पीछे निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और अनुशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि दोनों खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिताओं में भी इटावा का नाम रोशन करेंगे।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.