वर्दी की जिम्मेदारियों के बीच सेहत का भी ख्याल… इटावा पुलिस लाइन में पुलिस परिवारों के लिए लगा स्वास्थ्य शिविर
इटावा : लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और उनके परिवारों की सेहत को लेकर वामा सारथी ने एक सराहनीय पहल की। रिजर्व पुलिस लाइन, इटावा में आयोजित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को एक ही स्थान पर जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) की अध्यक्षा श्रीमती रीना श्रीवास्तव, धर्मपत्नी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा, के निर्देशन में आयोजित इस विशेष शिविर में होम्योपैथी मेडिकल कैंप, एलोपैथिक मेडिकल कैंप और वामा वेलनेस कैंप लगाए गए। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी और उनके परिवारजन पहुंचे और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लिया।
शिविर में चिकित्सकों और विशेषज्ञों ने ब्लड प्रेशर, शुगर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच कीं। जांच के बाद लोगों को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जरूरतमंदों को होम्योपैथिक एवं एलोपैथिक दवाएं, आई ड्रॉप तथा जलने-कटने की दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं।
सर्दी-खांसी, जोड़ों के दर्द, त्वचा संबंधी परेशानी, पाचन तंत्र की समस्या और तनाव जैसी आम स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर भी चिकित्सकों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और जरूरी सलाह दी। शिविर का उद्देश्य केवल उपचार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पुलिस परिवारों को नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना भी रहा।
इस दौरान पुलिस वेलफेयर एसोसिएशन टीम इटावा, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन इटावा, प्रभारी वामा सारथी तथा आयुष विभाग उत्तर प्रदेश का सहयोग रहा। चिकित्सकों और सहयोगी स्टाफ के समन्वय से शिविर का सफल संचालन किया गया।
वामा सारथी की यह पहल पुलिस परिवारों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति संवेदनशील प्रयास के रूप में सामने आई। जो पुलिसकर्मी दिन-रात समाज की सुरक्षा में तैनात रहते हैं, उनके और उनके परिवारों की सेहत का ख्याल रखने की यह पहल निश्चित रूप से महत्वपूर्ण है।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.