इटावा की बेटियों ने जूडो में मचाया दमदार प्रदर्शन, टिंकल ने जीता गोल्ड तो मानवी ने कांस्य पदक पर जमाया कब्जा; SSP ने मेडल पहनाकर किया सम्मानित
इटावा : खेल के मैदान में इटावा की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत का दम दिखाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया है। पुलिस मॉडर्न स्कूल, रिजर्व पुलिस लाइन इटावा की दो छात्राओं ने सी.बी.एस.ई. राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए एक स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया।
हरियाणा के करनाल स्थित मिनर्वा पब्लिक स्कूल, आसनद में 29 सितंबर से 04 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सी.बी.एस.ई. राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में कक्षा 10 की छात्रा कु. टिंकल ने U-17 W Below 70 Kg वर्ग में दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। टिंकल की इस उपलब्धि ने उन्हें School Games Federation of India (SGFI) प्रतियोगिता के लिए भी चयनित करा दिया है।
वहीं कक्षा-5 की छात्रा कु. मानवी ने U-11 W Above 40 Kg वर्ग में शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाया।
दोनों छात्राओं की इस शानदार उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक इटावा श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस कार्यालय में उन्हें मेडल पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने छात्राओं की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास करने तथा भविष्य की प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
खास बात यह है कि कु. टिंकल अब SGFI प्रतियोगिता में अपने हुनर का प्रदर्शन करेंगी, जिसका आयोजन जनवरी 2027 में रायपुर, छत्तीसगढ़ में प्रस्तावित है। एसएसपी ने उन्हें आगामी प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया।
टिंकल की कोच सुश्री ललिता यादव एवं सुश्री दीक्षा ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि मेहनत, लगन और लगातार अभ्यास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अभिषेक सक्सेना, शारीरिक शिक्षक श्री गजेन्द्र सिंह एवं श्रीमती अलका सिंह ने दोनों छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस मॉडर्न स्कूल परिवार में छात्राओं की इस उपलब्धि से खुशी का माहौल है। राष्ट्रीय मंच पर पदकों की यह चमक न केवल दोनों बेटियों की मेहनत की कहानी कह रही है, बल्कि यह भी दिखा रही है कि अनुशासन, नियमित अभ्यास और हौसले के साथ इटावा की बेटियां बड़े से बड़े मुकाबले में अपनी पहचान बना सकती हैं।
रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

No Previous Comments found.