एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने थाना ऊसराहार के नवनिर्मित मुख्य द्वार का किया लोकार्पण

इटावा : पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने और महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने थाना ऊसराहार में नवनिर्मित मुख्य द्वार का फीता काटकर लोकार्पण किया। इसके साथ ही थाना परिसर में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का उद्घाटन कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

इस दौरान एसएसपी ने थाना परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई, रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा सहित संबंधित पुलिसकर्मियों को थाना परिसर में स्वच्छता और व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए।

मिशन शक्ति केंद्र के निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर पुलिस की जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने महिला संबंधी शिकायतों को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ सुनने तथा उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद एसएसपी ने ग्राम प्रहरियों के साथ संवाद कर उन्हें अपने-अपने गांवों में होने वाली आपराधिक गतिविधियों, संदिग्ध व्यक्तियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी महत्वपूर्ण सूचनाओं पर नजर रखने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अपने दायित्वों का पूरी सजगता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें। साथ ही पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री श्रीचन्द्र, क्षेत्राधिकारी भरथना श्री रामदवन मौर्य, क्षेत्राधिकारी सैफई श्री कुशलपाल सिंह, थाना प्रभारी नरेंद्र मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : देवेन्द्र सिंह

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.