पत्रकार पर हमला या सच दबाने की साजिश?
इटावा : में पत्रकारों की सुरक्षा एक बार फिर सवालों के घेरे में है। थाना बकेवर क्षेत्र में पत्रकार दीपेश गौतम पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि फाइनेंसरों की गुंडई और अवैध वसूली की खबरें चलाने से नाराज गुंडों ने पत्रकार को बीच सड़क पर घेरकर बेरहमी से पीटा, जातिसूचक गालियां दीं और रुपये लूट लिए। सबसे बड़ा आरोप यह है कि थाना बकेवर के एसओ विपिन मलिक ने पीड़ित की मदद करने के बजाय उल्टा जेल भेजने की धमकी दे डाली।
पीड़ित पत्रकार दीपेश गौतम, जो इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के जिला महासचिव हैं, ने बताया कि 19 मई 2026 की सुबह करीब 9 बजे महेवा-उझियानी हाईवे पुल के पास चार हमलावरों ने उनकी बाइक रोक ली। इसके बाद दबंगों ने हमला बोलते हुए कहा —
“बहुत पत्रकारिता करता है… तेरी पत्रकारिता भुला देंगे!”
हमलावरों ने पत्रकार को जमकर पीटा, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जेब में रखी नकदी भी लूट ली। गंभीर हालत में घायल पत्रकार को पहले सीएचसी महेवा और फिर डॉ. भीमराव अंबेडकर संयुक्त चिकित्सालय इटावा रेफर किया गया।
लेकिन मामला यहीं नहीं रुका…
पीड़ित का आरोप है कि मौके पर पहुंचे थाना बकेवर के एसओ विपिन मलिक ने कार्रवाई करने के बजाय उन्हें ही धमकाना शुरू कर दिया। इतना ही नहीं, घायल पत्रकार को पुलिस द्वारा चिट्ठी मजरूबी तक नहीं दी गई, जिसके चलते वह निजी स्तर पर जिला अस्पताल में इलाज कराने को मजबूर है।
घटना के बाद पत्रकारों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश फैल गया। इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया वेलफेयर एसोसिएशन के कानपुर मंडल उपाध्यक्ष राजीव यादव, विश्व प्रेस संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने एसएसपी व एसपी ग्रामीण से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।
पत्रकार संगठनों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर पत्रकारों पर हमला करने वालों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? और क्या सच दिखाने की कीमत अब पत्रकारों को अपनी जान जोखिम में डालकर चुकानी पड़ेगी?
फिलहाल पूरे मामले की जांच सीओ भरथना को सौंपी गई है। अब सबकी नजर पुलिस प्रशासन पर टिकी है कि कार्रवाई होती है… या फिर दबंगों के हौसले यूं ही बुलंद रहते हैं।
रिपोर्टर : विशाल कुमार सक्सेना


No Previous Comments found.