फैजुल्लागंज को बाढ़ से मिलेगी बड़ी राहत, बांध निर्माण और पंपिंग स्टेशनों के लिए ₹331.03 करोड़ मंजूर
लखनऊ : फैजुल्लागंज वासियों को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने हेतु आवास एवं शहरी नियोजन विभाग द्वारा आईआईएम रोड से हार्डिंग ब्रिज (पक्का पुल) तक बंधा निर्माण परियोजना को विभागीय कार्य योजना में सम्मिलित करते हुए 182.16 करोड़ रुपये एवं जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 12 पंपिंग स्टेशन के निर्माण हेतु लगभग 148.87 करोड़ रुपये का अनुमोदन एवं स्वीकृति प्रदान की गयी है। इस निर्णय से फैजुल्लागंज एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासियों में खुशी और उत्साह का माहौल है। उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों फैजुल्लागंज में आई बाढ़ की गंभीर समस्या को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री तथा लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने पक्का पुल से आईआईएम रोड तक बंधा बनाए जाने की घोषणा की थी। अब शासन से परियोजना के निर्माण हेतु धनराशि की स्वीकृति मिलने के बाद क्षेत्रवासियों को बाढ़ और जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
क्षेत्रीय विधायक डॉ. नीरज बोरा ने हर्ष व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के प्रति आभार जताया है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से दोनों नेताओं को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि बंधा निर्माण परियोजना फैजुल्लागंज और आसपास के इलाकों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके निर्माण से पूरे क्षेत्र को हमेशा के लिए बाढ़ की समस्या से निजात मिल जाएगी।
डॉ. बोरा ने कहा कि बंधा निर्माण के साथ ही 12 पंपिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं जिससे जलभराव की समस्या से निपटने में भी मदद मिलेगी।उन्होंने कहा कि इस परियोजना से फैजुल्लागंज के विकास को नई गति मिलेगी और क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार होगा।विधायक ने कहा कि ग्रीन कॉरिडोर के विकास से भी इस पूरे इलाके की तस्वीर बदलने वाली है। आने वाले समय में फैजुल्लागंज और आसपास के क्षेत्रों में विकास के नए आयाम स्थापित होंगे। पीपा पुल के निर्माण से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और महत्ता में भी वृद्धि होगी। बेहतर संपर्क मार्गों और आधारभूत सुविधाओं के विकास से स्थानीय निवासियों को अधिक सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा। शासन की इस स्वीकृति के बाद क्षेत्रवासियों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा के प्रयासों की सराहना की है।
रिपोर्टर : चौधरी मुकेश सिंह

No Previous Comments found.