मथुरा में गोरक्षक फरसा वाले बाबा की मौत के बाद तनाव
उत्तर प्रदेश के मथुरा में गोरक्षक फरसा वाले बाबा की मौत से शहर में तनाव फैल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाबा को गोतस्करों द्वारा कंटेनर से कुचलने का आरोप लगाया जा रहा है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद उनके समर्थकों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए दिल्ली-आगरा हाईवे जाम कर दिया, जिससे यातायात कई घंटे प्रभावित रहा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अपराधी बख्शा नहीं जाएगा। इसके साथ ही, सीएम ने फरसा वाले बाबा के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि BJP तनाव पैदा करने में माहिर है और कानून-व्यवस्था की स्थिति गंभीर है।
घटना की जांच और हाईवे की स्थिति-
आगरा रेंज के डीआईजी शैलेश पांडे ने बताया कि फरसा वाले बाबा ने मवेशियों की तस्करी के शक में एक ट्रक को रोकने की कोशिश की थी। उस दौरान घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में उनकी मौत हो गई। उनके समर्थकों ने विरोध प्रदर्शन किया, लेकिन SP ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत और अन्य अधिकारियों ने स्थिति नियंत्रण में कर हाईवे को मुक्त कराया। वीएचपी नेता बच्चू सिंह ने भी बताया कि प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर हटाया गया।

No Previous Comments found.