थरियांव का पलक आई केयर बना जरूरतमंदों की उम्मीद, हर साल 30% मरीजों का निःशुल्क इलाज
फतेहपुर : जनपद के थरियांव क्षेत्र में स्थित पलक आई केयर अस्पताल समाज सेवा की मिसाल बनकर उभर रहा है। जहां एक ओर निजी अस्पतालों में इलाज महंगा होता जा रहा है, वहीं यह आई क्लीनिक गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए राहत का केंद्र बना हुआ है। अस्पताल द्वारा हर वर्ष लगभग 30 प्रतिशत मरीजों का निःशुल्क इलाज किया जाता है, जिससे सैकड़ों लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।
पलक आई केयर की विशेषता यह है कि यहां केवल आंखों की जांच और इलाज ही नहीं किया जाता, बल्कि मरीजों को चश्मा, आई ड्रॉप और अन्य जरूरी दवाइयां भी पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराई जाती हैं। क्लीनिक प्रबंधन डी.एस यादव का कहना है हमारे संस्थान चंद्रानी कैलाश स्वास्थ्य सेवा संस्थान द्वारा यह पूरा खर्च उठाया जाता है हमारा उद्देश्य है कि कोई भी व्यक्ति केवल आर्थिक तंगी के कारण आंखों के इलाज से वंचित न रहे।
ग्रामीण और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग यहां इलाज कराने पहुंचते हैं। खासकर गरीब, बुजुर्ग और श्रमिक वर्ग के लोगों के लिए यह क्लीनिक व चंद्रानी कैलाश स्वास्थ्य सेवा संस्थान किसी वरदान से कम नहीं है। कई मरीजों ने बताया कि यहां उन्हें न सिर्फ बेहतर इलाज मिला, बल्कि सम्मानजनक व्यवहार और सही मार्गदर्शन भी प्राप्त हुआ।
अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ का कहना है कि उनकी प्राथमिकता मरीजों को बेहतर से बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना है। समय-समय पर यहां नेत्र जांच शिविर भी आयोजित किए जाते हैं, ताकि दूर-दराज के गांवों में रहने वाले लोग भी इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पलक आई केयर की इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक कदम बताया है। उनका कहना है कि इस तरह के प्रयासों से न सिर्फ लोगों को राहत मिलती है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी


No Previous Comments found.