फतेहपुर में जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष: ग्राम प्रधान पर हत्या का आरोप, 5 टीमें तलाश में जुटीं
फतेहपुर : खागा थाना क्षेत्र के धरमंगतपुर नरवा गांव में जमीन विवाद ने खूनी रूप ले लिया। 9 मई की रात करीब 9:30 बजे गांव में मारपीट के दौरान 40 वर्षीय फूल सिंह लोधी की हत्या कर दी गई। शव पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। मामले में ग्राम प्रधान मदन लोधी और उसके साथियों पर हत्या का आरोप है।
क्या है पूरा मामला
9 मई की रात यूपी-112 को दो सूचनाएं मिलीं: एक गांव में मारपीट और शव पड़े होने की, दूसरी एक कॉलर द्वारा अपने पिता के लापता होने की। पुलिस मौके पर पहुंची तो दोनों सूचनाएं एक ही घटना से जुड़ी निकलीं। मृतक की पहचान फूल सिंह लोधी के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक पक्ष और ग्राम प्रधान मदन लोधी के बीच जमीन की बिक्री और दाखिल-खारिज को लेकर पुराना विवाद था। 7 मई को मृतक के भाई से भी मदन लोधी और उसके साथियों ने मारपीट की थी। इस मामले में 8 मई को 4 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज हुई थी। तभी से पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी, लेकिन वे घर से फरार थे। पुलिस का एक्शन
घटना के बाद ASP के नेतृत्व में पुलिस की 5 टीमें गठित कर मुख्य आरोपी ग्राम प्रधान मदन लोधी और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश तेज कर दी गई है। ASP, CO और थाना पुलिस ने रात में ही घटनास्थल का निरीक्षण किया।
गोली चलने की अफवाह खारिज सोशल मीडिया पर गोली मारकर हत्या की खबरें चल रही हैं। लेकिन पुलिस और फील्ड यूनिट के निरीक्षण में अभी तक गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की असली वजह PM रिपोर्ट के बाद साफ होगी। पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जाएगा। "आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर मामले का निष्पक्ष और कानूनी निस्तारण कराया जाएगा", SP ने कहा।
7 मई की मारपीट में FIR के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी न होना और 48 घंटे के अंदर दूसरी हत्या होना पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है।
रिपोर्टर : शारिब कमर


No Previous Comments found.