पारिवारिक तनाव के चलते फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली
फतेहपुर : थाना क्षेत्र के ग्राम रिठंवा में सोमवार सुबह एक युवक ने पारिवारिक तनाव के चलते फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम रिठंवा निवासी विपिन मौर्य (25) पुत्र सुरेंद्र मौर्य उर्फ कल्लू मौर्य की शादी 11 मार्च 2026 को कौशांबी जिले के थाना मंझनपुर अंतर्गत काजीपुर गांव निवासी शिवानी (22) के साथ हुई थी। परिजनों के अनुसार शादी के बाद पत्नी मायके चली गई थी। करीब एक सप्ताह पूर्व विपिन पत्नी को लेने ससुराल गया था, लेकिन ससुरालियों ने पत्नी को साथ भेजने से इनकार कर दिया गया। आरोप है कि इस दौरान ससुराल पक्ष ने उसके साथ अभद्रता और गाली-गलौज की तथा उसकी मोटरसाइकिल भी रख ली। शादी के जेवरात भी पत्नी के पास होने की बात कही जा रही है।
परिजनों ने बताया कि ससुराल से लौटने के बाद विपिन काफी परेशान और गुमसुम रहने लगा था। परिवार के लोग भी समझौते के लिए ससुराल गए थे, लेकिन बात नहीं बन सकी। सोमवार सुबह करीब 8 बजे विपिन आबादी में बने दूसरे घर की दूसरी मंजिल पर गया और कमरे में पंखे के हुक में गमछे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उसने पहले पंखा खोलकर अलग रख दिया था, फिर फंदा लगाया।
मृतक के पिता के पास करीब एक बीघा खेती है। विपिन खेती-किसानी और परदेश में रहकर मजदूरी कर परिवार के भरण-पोषण में हाथ बंटाता था। वह अपने पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में एक बहन भी है, जिसकी शादी हो चुकी है। घटना के बाद मां-पिता, बहन समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
हल्का इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम हेतु भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों की जानकारी हो सकेगी। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर : शारिब कमर


No Previous Comments found.