देवमई ब्लॉक में सपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन
फतेहपुर : जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के देवमई ब्लॉक में रविवार को समाजवादी पार्टी ने विशाल ब्लॉक कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया। सम्मेलन में बूथ अध्यक्षों, सेक्टर प्रभारियों और पार्टी पदाधिकारियों की भारी भीड़ जुटी। कार्यक्रम का मुख्य एजेंडा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी चुनाव की रणनीति पर मंथन करना रहा।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि सांसद नरेश उत्तम पटेल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से त्रस्त है। किसानों, युवाओं और व्यापारियों की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं है। भाजपा सिर्फ बड़े-बड़े दावे कर रही है जबकि जमीन पर आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए जूझ रही है। नरेश उत्तम पटेल ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय नेतृत्व का संदेश पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष और सेक्टर प्रभारी ही संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं और उनकी मेहनत से ही पार्टी चुनाव में जीत दर्ज करेगी।
मतदाता सूची पर विशेष फोकस सांसद ने मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर कार्यकर्ताओं को अहम जानकारी दी। उन्होंने फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरकर गलत नामों को ठीक कराने, छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने पर जोर दिया। कहा कि बूथ स्तर पर निगरानी रखी जाए ताकि कोई भी पात्र मतदाता वंचित न रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी संघर्ष और कार्यकर्ताओं के सम्मान की पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहकर उनकी समस्याओं को पार्टी तक पहुंचाने की अपील की।
सम्मेलन के संयोजक व सपा नेता कुश वर्मा ने वर्तमान सरकार को निरंकुश बताया। कहा कि महंगाई और भ्रष्टाचार लगातार बढ़ रहा है, युवा बेरोजगार और किसान बेहाल हैं। हाल में नीट पेपर लीक का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से खेल रही है और इसका जवाब जनता विधानसभा चुनाव में देगी।सम्मेलन में विधानसभा अध्यक्ष राजेंद्र वर्मा समेत कई पदाधिकारियों ने संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर विचार रखे। पूरे कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा और चुनावी तैयारियों को लेकर जोश नजर आया।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी
No Previous Comments found.