9 सूत्रीय मांगों को लेकर सपाइयों ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर :  समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष मोहम्मद आजम खान के नेतृत्व में गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित 9 सूत्रीय मांग पत्र प्रशासन को सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितता, स्मार्ट मीटर, कानून व्यवस्था और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए सरकार से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिलाध्यक्ष मोहम्मद आजम खान ने कहा कि वर्तमान समय में देश और प्रदेश में महंगाई, भ्रष्टाचार, महिला उत्पीड़न, बेरोजगारी तथा भर्ती प्रक्रियाओं में अनियमितताओं जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन और युवा वर्ग प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इन मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है। ज्ञापन में मांग की गई कि डीजल और पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों पर रोक लगाई जाए तथा कच्चे तेल की कीमतों के आधार पर मूल्य निर्धारण किया जाए। साथ ही घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों में कमी लाने की मांग भी की गई। सपाइयों ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ रहे अपराधों और कथित उत्पीड़न की घटनाओं पर चिंता जताते हुए बलात्कार जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की। इसके अलावा स्मार्ट मीटर व्यवस्था को पूरी तरह बंद करने तथा इससे जुड़े कथित घोटालों की जांच कराने की भी मांग ज्ञापन में शामिल रही। ज्ञापन में तहसीलों और थानों में कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, नीट पेपर लीक प्रकरण में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने, नौकरियों में आरक्षण संबंधी कथित अनियमितताओं को रोकने तथा अपहरण और हत्या जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग उठाई गई। इस मौके पर समाजवादी पार्टी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से डॉ. अमित पाल (अध्यक्ष, बाबासाहेब आंबेडकर वाहिनी), संदीप कुमार श्रीमाली एडवोकेट (जिलाध्यक्ष मजदूर सभा), सुशील यादव (जिलाध्यक्ष छात्र सभा), मोहम्मद अकील अहमद (प्रदेश सचिव), विमल यादव (जिला उपाध्यक्ष), नरेश कोरी, आशीष नामदेव (जिलाध्यक्ष संस्कृति प्रकोष्ठ), राहुल लोधी एडवोकेट, ओवैस फारूकी (जिला महासचिव छात्र सभा), एनुअल हसन, महेंद्र निषाद, प्रदीप सोनकर, मजहर हुसैन एडवोकेट, गोलू, सर्व प्रकाश यादव, अभिलाष यादव, विजय सिंह यादव, धीरेंद्र मौर्य टीकू सुल्तान, अजय चौधरी (जिलाध्यक्ष लोहिया वाहिनी), अयूब खान सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शारिब कमर 
 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.