रेप मामले में कांग्रेस का राज्यपाल को ज्ञापन
फतेहपुर : नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के अपहरण और 16 दिन तक प्रयागराज में बंधक बनाकर दुष्कर्म व जबरन शादी के प्रयास के मामले में कांग्रेस ने राज्यपाल से न्याय की गुहार लगाई है। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिलाधिकारी के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, कड़ी सजा और पीड़िता को आर्थिक सहायता देने की मांग की।ज्ञापन में कहा गया कि कोचिंग जाते समय छात्रा का अपहरण कर 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक रखा गया और अमानवीय व्यवहार किया गया। कांग्रेस ने मांग की कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जाए। पीड़ित छात्रा को आर्थिक मदद दी जाए ताकि वह आगे की पढ़ाई जारी रख सके। साथ ही पीड़ित परिवार को पूर्ण सुरक्षा मुहैया कराई जाए जिससे वे निर्भय होकर जीवन यापन कर सकें।ज्ञापन सौंपने के बाद पत्रकारों से बातचीत में जिलाध्यक्ष महेश द्विवेदी ने प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं और यूपी अब आपराधिक मामलों में नंबर एक बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपनी विफलता के कारण विक्षिप्त नजर आते हैं और सदन में आंखें तरेर कर बात करते हैं, जबकि जनता की सुरक्षा उनका पहला दायित्व है।शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने भी सरकार को घेरते हुए कहा कि देश-प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। भ्रष्टाचार, बलात्कार और गुंडागर्दी आम हो गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर एआई जनरेटेड बयान के आधार पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर हुई एफआईआर जल्द वापस नहीं ली गई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
इस दौरान वरिष्ठ महिला नेता संतोष कुमारी शुक्ला, शेख एजाज अहमद, मणि प्रकाश दुबे, सुरेश तिवारी, कलीम उल्ला सिद्दीकी, अनुराग नारायण मिश्रा, इंजी. देवी प्रकाश दुबे, आशीष गौड़, पूर्व अध्यक्ष पप्पू पाल, राजीव लोचन निषाद, शकीला बानो, पूनम द्विवेदी, रेखा पासवान समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर : शारिब कमर
No Previous Comments found.