हेमलता पटेल बोलीं महिलाओं को जागरूक कर बनाएंगे सशक्त समाज

फतेहपुर - महिला उत्थान और न्याय के लिए काम करने वाले संगठन 'गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक' का जनपद फतेहपुर में बड़ा विस्तार हुआ। संगठन की संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल के नेतृत्व में भिटौरा ब्लॉक के ग्राम करमचंद्रपुर सांडा में भव्य कार्यक्रम आयोजित कर दर्जनों महिलाओं को सदस्यता दिलाई गई।कार्यक्रम में ग्राम करमचंद्रपुर सांडा की वर्तमान प्रधान और समाजसेविका मरियम जहां पत्नी नदीमुद्दीन पप्पू को उनके जमीनी कार्यों को देखते हुए फतेहपुर जनपद का जिला उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमलता पटेल ने मरियम जहां को नियुक्ति पत्र सौंपकर माला पहनाई और नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर महिलाओं को संबोधित करते हुए हेमलता पटेल ने कहा कि मरियम जहां जमीनी स्तर पर महिलाओं की आवाज उठाती रही हैं। ग्राम प्रधान के रूप में उनकी सेवा भावना को देखते हुए ही उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है। हमारा लक्ष्य ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को संगठन से जोड़कर उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक और मजबूत बनाना है, ताकि एक भयमुक्त और सशक्त समाज का निर्माण हो सके।

नवीन जिम्मेदारी मिलने पर मरियम जहां ने संगठन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूरी निष्ठा और ईमानदारी से संगठन को मजबूत करेंगी और हर पीड़ित व शोषित महिला की आवाज बुलंद करेंगी।कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष सरला सिंह, संयोगिता वर्मा, सरिता देवी, सरिता प्रजापति,शालू,निर्मला,शहरून,सुमन सहित भारी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पदाधिकारी मौजूद रहीं। ग्रामीणों ने सभी अतिथियों का माला पहनाकर जोरदार स्वागत किया।


रिपोर्टर - शारिब कमर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.