ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगलवार को फतेहपुर कोतवाली सहित क्षेत्र के दर्जनों स्थानो पर हुआ भण्डारे का आयोजन

फतेहपुर, बाराबंकी : ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के पावन अवसर पर फतेहपुर क्षेत्र श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता के रंग में सराबोर नजर आया। नगर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं, राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे दिन धार्मिक आयोजनों और भंडारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी रही तथा भगवान हनुमान के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कोतवाली फतेहपुर परिसर में प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह एवं क्षेत्राधिकारी जगराम कन्नौजिया के नेतृत्व में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। भंडारे में क्षेत्र के सामाजिक, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भागीदारी की। श्रद्धालुओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इसी क्रम में नगर पंचायत फतेहपुर परिसर में भी भंडारे का आयोजन किया गया, जहां नगर के गणमान्य नागरिकों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इसके अलावा तहसील चौराहा, पटेल चौराहा, महादेव तालाब परिसर, बस स्टॉप क्षेत्र सहित नगर के कई प्रमुख स्थानों पर विभिन्न संस्थाओं और समाजसेवियों द्वारा भंडारे लगाए गए। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जगह-जगह प्रसाद वितरण और जल सेवा की व्यवस्था की गई, जिससे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिली।
इस अवसर पर भाजपा नेत्री डॉ. अंजू चंद्रा, ब्लॉक प्रमुख सिरौली गौसपुर रेनू सिंह, बार एसोसिएशन अध्यक्ष प्रेम चंद्र पाल, अनुपम निगम, महेश रस्तोगी, प्रवीण वर्मा, रमेश चंद्रा, रजनीश वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग विभिन्न आयोजनों में शामिल हुए। सभी ने सेवा कार्य में सहयोग करते हुए श्रद्धालुओं का स्वागत किया और बड़े मंगल के महत्व पर प्रकाश डाला।
पूरे क्षेत्र में बड़े मंगल के अवसर पर भक्ति, सेवा और परोपकार का अनूठा संगम देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। दिनभर चले भंडारों और धार्मिक आयोजनों ने सामाजिक सद्भाव और आपसी सहयोग की भावना को और मजबूत किया, जिससे फतेहपुर क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.