हेमलता पटेल की अध्यक्षता में सुशासन चौपाल, 229 पात्रों की सूची सार्वजनिक

 फतेहपुर : विकास खंड बहुआ की ग्राम पंचायत सुजानपुर में शनिवार को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत खुली चौपाल लगाकर पारदर्शिता की नई मिसाल पेश की गई। ग्राम प्रधान व 'गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक' की अध्यक्ष हेमलता पटेल की अध्यक्षता में मिनी सचिवालय भवन में हुई इस बैठक में आवास प्लस सर्वे के तहत चिन्हित 229 पात्र लाभार्थियों की पूरी सूची ग्रामीणों के सामने पढ़कर सुनाई गई। चौपाल में ग्राम पंचायत सचिव जितेंद्र कुमार की मौजूदगी में महिलाओं और पुरुषों की बड़ी संख्या उमड़ी। पूरी सूची का सार्वजनिक वाचन होते ही ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से उस पर सहमति जताई। खुली बैठक में नाम पढ़े जाने की प्रक्रिया को देखकर ग्रामीणों ने प्रधान और पंचायत टीम की कार्यशैली की सराहना की। उनका कहना था कि अब सरकारी योजनाओं की जानकारी सीधे और बिना भेदभाव के जनता तक पहुंच रही है।बैठक को संबोधित करते हुए प्रधान हेमलता पटेल ने कहा, "गाँव के हर अंतिम और वास्तविक पात्र व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाना मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पंचायत टीम हर कदम पर आप लोगों के साथ खड़ी है।" उन्होंने योजना के दिशा-निर्देश भी समझाए और मौके पर ही ग्रामीणों की शंकाओं का समाधान किया। पूरी चौपाल शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान सुमन, रंजना, रमेश, नफीस, रेखा, सुधा, राजरानी, सुनीता, अनिल, अनुराग सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। सुजानपुर की इस पहल को क्षेत्र में सुशासन और जनसुनवाई का मॉडल माना जा रहा है।

रिपोर्टर : शारिब कमर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.