वीआईपी दौरे को लेकर डीएम और एसपी ने किया स्थलीय निरीक्षण
फतेहपुर : जिले में प्रस्तावित अति विशिष्ट अतिथि के भ्रमण कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कार्यक्रम को सफल और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बृहस्पतिवार को कार्यक्रम स्थल का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड, पार्किंग स्थल, आगमन और निर्गमन मार्गों का बारीकी से जायजा लिया। इसके साथ ही वीआईपी मूवमेंट रूट, बैरिकेडिंग, ड्यूटी प्वाइंट, यातायात प्रबंधन और समग्र सुरक्षा व्यवस्था के हर बिंदु की गहन समीक्षा की गई।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने को कहा। वहीं एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा इंतजामों को और अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वीआईपी मार्ग पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए,चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जाए और ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पहले से वैकल्पिक मार्ग तय किए जाएं। बैरिकेडिंग और ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात कर्मियों को ब्रीफिंग करने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पुलिस और प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि अतिथि के आगमन से पहले सभी तैयारियां अंतिम रूप दे दी जाएंगी ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
रिपोर्टर : शारिब कमर
No Previous Comments found.