वीआईपी भ्रमण की तैयारियों की समीक्षा, डीएम और एसपी ने दिए जरूरी निर्देश
फतेहपुर : आगामी प्रस्तावित अति विशिष्ट अतिथि के जनपद भ्रमण को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में बृहस्पतिवार को गांधी सभागार, कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीआईपी कार्यक्रम से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कानून-व्यवस्था, रूट चार्ट और ड्यूटी व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की। संबंधित विभागों से अब तक की तैयारियों की रिपोर्ट ली गई और खामियों को तुरंत दूर करने के निर्देश दिए गए। डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि अतिथि के आगमन से पहले सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन सुनिश्चित करने को कहा। पार्किंग, बैरिकेडिंग, पेयजल, साफ-सफाई और मेडिकल टीम की तैनाती पर विशेष जोर दिया गया।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने सुरक्षा और ट्रैफिक प्लान पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रूट पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, ड्रोन और सीसीटीवी से निगरानी, तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पहले से रणनीति बनाने के निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अलर्ट मोड में रहने को कहा गया।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए, जिससे अतिथि का भ्रमण सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में एडीएम, सीओ, तहसीलदार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शहंशाह अब्दी
No Previous Comments found.