हरीराम गांव का 20 दिन से फूंका ट्रांसफार्मर आज ही शाम को बदलने का जेई ने दिया भरोसा, की त्वरित कार्यवाही
फ़तेहपुर : विकास खंड बहुआ अंतर्गत पूरे क्षेत्र में व्याप्त भयंकर अघोषित बिजली कटौती और दरवेशाबाद से आने वाली जर्जर 33 हजार मेन लाइन के तारों की बदहाली को लेकर आज गुलाबी गैंग लोकतांत्रिक की अध्यक्ष हेमलता पटेल ने अपनी आवाज बुलंद की। क्षेत्र की इस बड़ी समस्या और हरीराम गांव में पिछले 20 दिनों से खराब पड़े ट्रांसफार्मर से परेशान ग्रामीण महिला-पुरुषों की आवाज पावर हाउस में उठाई ।हेमलता पटेल ने पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति की बदतर स्थिति को अवर अभियंता (जेई) के समक्ष बेहद प्रभावशाली ढंग से रखा। उन्होंने कहा कि भयंकर गर्मी के इस मौसम में पूरा क्षेत्र बिजली कटौती से त्रस्त है। ग्रामीण और किसान बूंद-बूंद पानी और रोशनी के लिए बेहाल हैं। जरा सा मौसम खराब होते ही दरवेशाबाद 33 हजार लाइन में फाल्ट का बहाना बनाकर घंटों के लिए पूरी सप्लाई ठप कर दी जाती है, जिससे साबित होता है कि मुख्य लाइन के तार बेहद जर्जर हो चुके हैं और उन्हें तुरंत दुरुस्त करने की जरूरत है। इसके अलावा सुजानपुर में दो दिन पहले लगे ट्रांसफार्मरों का दोबारा फुंक जाना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।वार्ता के दौरान जेई ने हरीराम गांव की समस्या पर संवेदनशीलता दिखाते हुए आज ही शाम को एक ट्रांसफार्मर लगाने और दूसरा 2 दिन के भीतर देने का सकारात्मक भरोसा दिलाया। हेमलता पटेल ने विभाग से आग्रह किया कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जर्जर 33 हजार लाइन को स्थाई रूप से ठीक किया जाए और कटौती बंद हो। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जल्द ही समूचे क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो संगठन जनता के हक में फतेहपुर मुख्य बिजली कार्यालय (मुख्यालय) का घेराव करने को बाध्य होगा।
रिपोर्टर शारिब कमर
No Previous Comments found.