सी0एच0सी0 फतेहपुर में प्रशासनिक समीक्षा अधिकारी के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी एवं सम्मान समारोह का आयोजन

फतेहपुर (बाराबंकी) : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहपुर में शुक्रवार को प्रशासनिक समीक्षा अधिकारी (एआरओ) श्री गिरिराज वर्मा के सेवानिवृत्त होने पर भावभीनी विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों और कर्मचारियों ने उनके लंबे, ईमानदार और समर्पित सेवाकाल को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

समारोह की अध्यक्षता सीएचसी अधीक्षक डाॅ. अवनीश चौधरी ने की। उन्होंने कहा कि श्री गिरिराज वर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दीं। उनका सरल स्वभाव, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण हमेशा सहकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि संस्था को उनकी कमी हमेशा महसूस होगी।
इस अवसर पर डाॅ. निसार अहमद, डाॅ. अवधेश कौशल, डाॅ. देशराज और डाॅ. शबाना सहित अन्य चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने श्री वर्मा के साथ बिताए गए कार्यकाल की यादों को साझा करते हुए उनके सहयोगी और मिलनसार व्यक्तित्व की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने हमेशा टीम भावना के साथ कार्य किया और हर कर्मचारी की समस्याओं को समझते हुए उनका समाधान कराने का प्रयास किया।
समारोह के दौरान श्री गिरिराज वर्मा को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर वे भावुक हो उठे और उन्होंने सभी सहकर्मियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएचसी फतेहपुर परिवार से उन्हें हमेशा स्नेह और सहयोग मिला, जिसकी यादें जीवनभर उनके साथ रहेंगी।
विदाई समारोह के अंत में सभी कर्मचारियों ने उन्हें भावभीनी शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उपस्थित कई सहकर्मियों की आंखें भी नम हो गईं और भावुक माहौल में सभी ने उनके सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
रिपोर्टर : नफीस अहमद

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.