श्रावण की भक्ति में डूबा मिर्जापुर भिटारी
फतेहपुर : श्रावण मास की पवित्रता और शिवभक्ति का संगम गुरुवार को हुसैनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर भिटारी में देखने को मिला। यहां आयोजित 11 दिवसीय रुद्र चंडी महायज्ञ" के सातवें दिन पूरे यज्ञ परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की गूंज से आध्यात्मिक वातावरण बन गया। समाजसेवी वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष तिवारी व भिटौरा ब्लाक प्रमुख अमित तिवारी ने परिवार सहित विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का पूजन-अर्चन किया। विद्वान आचार्यों के सानिध्य में रुद्राभिषेक, चंडी पाठ और हवन संपन्न हुआ। श्रद्धालुओं ने आहुति देकर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और देशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
यजमान ने इस अवसर पर प्रार्थना की कि भगवान शिव समस्त देशवासियों को सुख, शांति और समृद्धि प्रदान करें। पूजन के बाद प्रसाद वितरण भी किया गया।
आयोजकों के अनुसार श्रावण मास के कारण प्रतिदिन श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। सुबह से ही दूर-दराज के गांवों से लोग पहुंचकर हवन-पूजन में सहभागिता कर रहे हैं। पूरे 11 दिन चलने वाले इस महायज्ञ में प्रतिदिन वैदिक अनुष्ठान, प्रवचन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजन से क्षेत्र में भक्ति भाव के साथ सामाजिक समरसता भी बढ़ती है। यज्ञ के समापन तक बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
रिपोर्टर : शारिब कमर
No Previous Comments found.