खागा तहसील के बैनामा कार्यालय में एंटी करप्शन टीम की बड़ी कार्रवाई

खागा :  खागा तहसील में मंगलवार को एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैनामा कार्यालय के कर्मचारी राहुल बाबू को कथित रूप से एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि नगर पंचायत खागा अंतर्गत संग्रामपुर सानी गांव की गाटा संख्या 279 की 12 बिसवा जमीन का बैनामा कराने के बाद राहुल बाबू ने क्रेता भीम सिँह को कार्यालय बुलाया। आरोप है कि जमीन सड़क से जुड़ी होने और अधिक मालियत का हवाला देते हुए डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। रकम न देने पर जेल भेजने की धमकी देने का भी आरोप है।

क्रेता भीम के मुताबिक राहुल बाबू ने रकम मैडम को देने की बात कही और कथित तौर पर उसकी बात भी संबंधित महिला अधिकारी से कराई गई। आरोप है कि वहां से भी डेढ़ लाख रुपये की मांग की गई। बाद में काफी मिन्नत करने पर एक लाख रुपये में मामला तय होने की बात सामने आई।

इसके बाद पीड़ित क्रेता ने लखनऊ एंटी करप्शन टीम से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। टीम द्वारा प्रयागराज मंडल के अधिकारियों से संपर्क कराने के बाद शिकायत के आधार पर कार्रवाई की रणनीति तैयार की गई।

मंगलवार को तय योजना के तहत जैसे ही क्रेता ने एक लाख रुपये की रकम दी, एंटी करप्शन टीम ने राहुल बाबू को कथित रूप से रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। एंटी करप्शन टीम आरोपी को अपने साथ ले गई और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर : मोहम्मद अब्बास

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.