किन्नरों के दो गुटों में जमकर हंगामा-प्रेमनगर तिराहे पर अश्लील प्रदर्शन से राहगीर परेशान

फतेहपुर - थाना सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में रविवार दोपहर किन्नरों के दो गुटों के बीच एरिया बंटवारे को लेकर जमकर हंगामा हो गया। मुख्य तिराहा मंडवा मोड़ पर हुई इस भिड़ंत से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।बताया जा रहा है कि प्रेमनगर के आरामपुर बसई मोड़ के पास किन्नर सपना का गुट रहता है, जबकि दूसरा गुट सलेमपुर मंडवा की तरफ रहता है। दोनों गुटों के बीच अफोई बॉर्डर से लेकर गंगा कटरी के गांवों तक नेगचार मांगने के एरिया को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है।रविवार दोपहर इसी विवाद को लेकर दोनों गुट प्रेमनगर कस्बे के मुख्य तिराहे पर आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला बढ़ गया। आरोप है कि दोनों पक्षों ने सड़क पर ही अश्लील प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद राहगीरों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। बाद में दोनों गुटों ने अपने-अपने समर्थकों को मौके पर बुला लिया, जिससे तनाव और बढ़ गया।सूचना पर पहुंची सुल्तानपुर घोष पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने दोनों गुटों को तिराहे से हटाया तब जाकर जाम की स्थिति सामान्य हो सकी।

रिपोर्टर - शहंशाह आब्दी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.