पुलिस और गोवध आरोपियों के बीच मुठभेड़
फतेहपुर : खागा और हथगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गोवध के मामले में वांछित दो शातिर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके बेटे को पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया। घटना 24-25 अगस्त की रात खागा थाना क्षेत्र के बरकतपुर गांव के जंगल की है, जो ससुर खदेरी नदी के पास स्थित है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित आरोपी इसी इलाके में छिपे हैं। सूचना पर खागा और हथगांव पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपियों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान आरोपी शहजादे पुत्र दरगाही, निवासी अमांव, के दाहिने पैर में गोली लग गई।पुलिस ने घायल शहजादे को तत्काल कब्जे में लेकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मौके से भाग रहे उसके साथी, उसके 28 वर्षीय बेटे सीबू उर्फ शहबाज आलम को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से गोवध में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद हुआ है। जिसमें 6 चाकू, 2 कुल्हाड़ी, 1 चापड़, 2 साल वाला पत्थर, रस्सी-डोरी और सीकड़ शामिल हैं। इसके अलावा एक 315 बोर का तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार और घायल दोनों आरोपियों के खिलाफ फतेहपुर सहित अन्य जनपदों में 13 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्टर : शारिब कमर
No Previous Comments found.