फज्र की अजान देने मस्जिद पहुंचे 80 वर्षीय मुअज्जिन की करंट लगने से मौत, गांव में पसरा मातम
फतेहपुर - जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। डांडा सहिमलपुर गांव में बुधवार तड़के करीब 4:30 बजे फज्र की अजान देने मस्जिद पहुंचे 80 वर्षीय मुअज्जिन की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी ननकू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ननकू लंबे समय से गांव की मस्जिद में मुअज्जिन के तौर पर अजान देते आ रहे थे। रोज की तरह बुधवार को भी वह तड़के फज्र की नमाज की अजान के लिए मस्जिद पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने अजान देने के लिए माइक सेट करने का प्रयास किया, अचानक माइक में करंट उतर आया। करंट इतना तेज था कि वह उसकी चपेट में आकर वहीं मस्जिद के अंदर जमीन पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। सुबह जब अन्य नमाजी मस्जिद पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि ननकू बेहद नेक और धर्मपरायण व्यक्ति थे। फिलहाल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची है और मामले की जांच की जा रही है।
रिपोर्टर - शारिब कमर
No Previous Comments found.