शराब ठेके पर लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग में मौत
फतेहपुर : हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गाँव में शराब के ठेके के विवाद में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने ठेके के सेल्समैन को हिरासत में ले लिया है, जबकि ठेकेदार मालिक दो सगे भाइयों की तलाश जारी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, असनी गाँव निवासी मनीष दुबे का बेटा वैभव शराब के ठेके के सामने से गुजर रहा था। इसी दौरान ठेके पर तैनात सेल्समैन गोवर्धन निषाद और उसके साथ मौजूद लड़कों से वैभव की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर वैभव के पक्ष से उसके पिता मनीष दुबे और गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं, सेल्समैन गोवर्धन निषाद ने ठेके के मालिक अमन सिंह और मनु सिंह को फोन कर बुला लिया। दोनों पक्षों में वाद-विवाद इतना बढ़ा कि आरोप है कि मनु सिंह ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर निकालकर फायर कर दिया। गोली सीधे मनीष दुबे को जा लगी। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने घायल मनीष को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहाँ से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मृतक के शव को मोर्चरी भेज दिया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।एसपी ने बताया इस मामले के दो मुख्य अभियुक्त अमन सिंह और मनु सिंह हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए हमारी टीमें लगी हुई हैं, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ठेके के सेल्समैन गोवर्धन निषाद को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है।
रिपोर्टर : शारिब कमर
No Previous Comments found.