पुलिस ने ई-रिक्शा में छूटा एक लाख 30 हजार का सामान 24 घंटे में किया बरामद

फतेहपुर : कोतवाली नगर पुलिस ने ईमानदारी और त्वरित कार्रवाई की मिसाल पेश की है। ई-रिक्शा में छूटे 1 लाख 10 हजार रुपये नकद, करीब 20 हजार के चांदी के जेवरात, गैस चूल्हा और बैग को 24 घंटे के अंदर बरामद कर महिला को सकुशल वापस लौटा दिया। इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर ने पूरी टीम को 15 हजार रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया है। आवेदिका शिखा तिवारी पत्नी कृष्ण शरण त्रिपाठी, निवासी 256A पनी मोहल्ला, थाना कोतवाली नगर ने थाने पर प्रार्थना पत्र दिया था। उन्होंने बताया कि वह अपने पिता, सास और बहन के लड़के के साथ ई-रिक्शा से अपने घर से ज्वालागंज बस स्टॉप जा रही थीं। उन्होंने अपना बैग और गैस चूल्हा ई-रिक्शा की छत पर रख दिया था, जिसे ज्वालागंज बस स्टॉप पर उतरते समय वह लेना भूल गईं।इसके बाद सभी लोग अपने पैतृक गांव बमनपुर, थाना थरियांव के लिए निकल गए। थरियांव के पास पहुंचने पर उन्हें बैग और गैस चूल्हा ई-रिक्शा में ही छूट जाने की जानकारी हुई, जिस पर वह अपने पिता के साथ वापस कोतवाली नगर पहुंची और पुलिस से मदद मांगी।

एसपी के निर्देश पर सीसीटीवी  खंगाले, 24 घंटे में मिली सफलता मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थाना कोतवाली नगर पुलिस को तत्काल बरामदगी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संबंधित ई-रिक्शा की तलाश शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने  करीब 11 बजे पर्मा का पुरवा, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र से बैग व गैस चूल्हा सकुशल बरामद कर लिया। बैग की पहचान कराने पर उसमें 1 लाख 10 हजार रुपये नकद, लगभग 20 हजार कीमत के चांदी के आभूषण और अन्य सामान मिला। आवेदिका ने सामान की पहचान अपना बताया, जिसके बाद नियमानुसार पूरा सामान उन्हें सुपुर्द कर दिया गया।
ई-रिक्शा चालक महेश पुत्र मेघनाथ, निवासी पर्मा का पुरवा ने बताया कि उसे ई-रिक्शा की छत पर बैग और गैस चूल्हा छूटा हुआ मिला था और वह संबंधित लोगों की तलाश ही कर रहा था। पुलिस के पहुंचने पर उसने ईमानदारी से पूरा सामान वापस कर दिया।
बरामद माल का विवरण 
1,10,000/- रुपये नकद
 लगभग 20,000/- कीमत के चांदी के आभूषण मय बैग, एक अदद गैस चूल्हा रहा,बरामदगी करने वाली टीम  उ0नि0  पंकज कुमार सिंह, थाना कोतवाली नगर
उ0नि0  आजाद कुमार यादव, उ0नि0 सुनील कुमार  का0 दीपक कुमार
 का0 सनी सिंह रहे।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.