कृष्णमय हुई 12वीं वाहिनी पीएसी, हर्षोल्लास से मना जन्मोत्सव

फतेहपुर : श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर 12वीं वाहिनी पीएसी फतेहपुर परिसर कृष्ण भक्ति और उल्लास से सराबोर हो उठा। सेनानायक मनोज कुमार अवस्थी (IPS) के कुशल निर्देशन में वाहिनी के मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों, फूलों और झांकियों से भव्य रूप से सजाया गया था।श्री कृष्ण जन्मोत्सव सांस्कृतिक कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ मुख्य अतिथि अमृता मिश्रा (IPS) एवं सेनानायक मनोज कुमार अवस्थी के कर-कमलों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मधुर कृष्ण भजन से हुई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।सांस्कृतिक संध्या में पुलिस मॉडर्न स्कूल के नन्हें-मुन्ने बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा बाहर से आए प्रसिद्ध गायक-कलाकारों और वाहिनी के अधिकारी-कर्मचारियों ने कृष्ण भजन, प्रहसन और भक्ति गीतों की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।

भजन-कीर्तन के पश्चात वाहिनी मंदिर में सजी मनोहारी झांकी के दर्शन और भगवान श्री कृष्ण का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया गया। देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा और पूरा परिसर 'हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की' के जयकारों से गूंजता रहा।कार्यक्रम के अंत में भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव के अवसर पर उपस्थित सभी भक्तों, वाहिनी के समस्त अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिजनों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस भव्य आयोजन के अवसर पर उपसेनानायक श्याम देव, सहायक सेनानायक श्रीमती प्रतिमा सिंह, सैन्य सहायक शिव मुनि सिंह यादव, शिविरपाल विजय कुमार चौधरी सहित वाहिनी के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण सपरिवार उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.