भीकमपुर हत्याकांड में खौफनाक मोड़ 48 घंटे बाद नहर में मिला राजू का शव
फतेहपुर : औंग थाना क्षेत्र के बहुचर्चित भीकमपुर हत्याकांड की गुत्थी और उलझ गई है। 48 घंटे से लापता चल रहे राजू विश्वकर्मा का शव आखिरकार रामगंगा नहर से बरामद हुआ है। शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।मामला कल्याणपुर थाना क्षेत्र के मुरादीपुर के पास का है, जहां रामगंगा नहर में ग्रामीणों ने एक शव तैरता देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त राजू विश्वकर्मा के रूप में की है।गौरतलब है कि भीकमपुर में कुछ दिन पहले दिल दहला देने वाली वारदात हुई थी। परिजनों का आरोप है कि जीजा पवन विश्वकर्मा राजू को अपने साथ ले गया था और उसके बाद घर में घुसकर धारदार हथियार से परिवार के पांच लोगों पर जानलेवा हमला कर दिया था। इस दौरान आत्मरक्षा में हुई झड़प में आरोपी पवन विश्वकर्मा भी गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई थी।उसी दिन से राजू लापता था। पुलिस की कई टीमें लगातार नहर और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश कर रही थीं।
अब राजू का शव मिलने से इस हत्याकांड ने और भी भयावह मोड़ ले लिया है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या राजू की हत्या पहले ही कर दी गई थी और उसके बाद आरोपी ने परिवार पर हमला किया था।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और घटनाक्रम की कड़ियां साफ हो पाएंगी।
रिपोर्टर : शारिब कमर
No Previous Comments found.