रात में भरभरा कर गिरा जूनियर हाई स्कूल का कमरा, बाल-बाल टल बड़ा हादसा
फतेहपुर : थाना सुल्तानपुर घोष ऐरायाँ विकास खंड के हसनपुर कसार गांव स्थित जूनियर हाईस्कूल में बुधवार की रात करीब 9:30 बजे जर्जर भवन का एक कमरा अचानक भरभराकर गिर गया। रात का समय होने के कारण विद्यालय में बच्चे मौजूद नहीं थे, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि घटना ने विद्यालय भवन की सुरक्षा व्यवस्था और जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
- स्थानीय लोगों के अनुसार विद्यालय का यह भवन काफी समय से जर्जर हालत में है। जिस कमरे की छत और दीवारें गिरने की बात सामने आई है, उसमें विद्यालय का स्टोर रूम संचालित था। ग्रामीणों का कहना है कि भवन के अन्य हिस्से भी जर्जर स्थिति में हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि गिरे हुए कमरे के समीप ही दूसरे कमरे में बच्चों को बैठाकर पठन-पाठन कराया जाता है।
- ग्रामीणों के मुताबिक विद्यालय में करीब 70 बच्चे अध्ययनरत हैं। ऐसे में जर्जर भवन के बीच बच्चों की कक्षाएं संचालित होने से अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि यही कमरा दिन के समय बच्चों की मौजूदगी में गिरता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
- कमरा गिरने की घटना के बाद विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्यालय भवन का स्थलीय निरीक्षण कर जर्जर हिस्सों को चिन्हित कराने तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने की मांग की है।
- अब सवाल यह है कि क्या शिक्षा और विकास विभाग के जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं? समय रहते जर्जर भवन की स्थिति का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में कोई गंभीर घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता।
रिपोर्टर : मोहम्मद अब्बास
No Previous Comments found.