बड़ी संख्या में किसान वाराणसी करेंगे कूच, सुरक्षित यात्रा के लिए स्टेशन मास्टर को सौंपा ज्ञापन
फतेहपुर। भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति के चिंतन शिविर में शामिल होने के लिए फतेहपुर से बड़ी संख्या में किसानों के वाराणसी कूच करने की तैयारी है। किसानों की संभावित भीड़ को देखते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह पटेल ने पदाधिकारियों के साथ फतेहपुर रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर यात्रियों की सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि भारतीय किसान यूनियन लोकशक्ति का चिंतन शिविर वाराणसी में आयोजित होना सुनिश्चित हुआ है। इसमें शामिल होने के लिए जिले से बड़ी संख्या में किसान 12 सितंबर 2026 को फतेहपुर रेलवे स्टेशन से वाराणसी के लिए रवाना होंगे। किसानों की संख्या को देखते हुए स्टेशन पर भीड़ प्रबंधन, आवश्यक सुविधाओं तथा सुरक्षित यात्रा के लिए उचित व्यवस्था किए जाने की मांग की गई है।
जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह पटेल ने कहा कि किसानों की यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए रेलवे प्रशासन को पहले से आवश्यक तैयारियां करनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने के दौरान पुष्पेंद्र, अंजू, धीरेंद्र, सूरजभान, मो. हामिद, राजेंद्र सहित संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टर - मोहम्मद अब्बास
No Previous Comments found.