किशनपुर-दादों पुल से 19 साल की युवती ने यमुना में लगाई छलांग

फतेहपुर - शनिवार दोपहर फतेहपुर में किशनपुर-दादों को जोड़ने वाले यमुना पुल से एक 19 साल की युवती ने नदी में छलांग लगा दी। युवती की पहचान बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र के कठार गांव निवासी संगीता देवी पुत्री शिवकुमार सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक छलांग लगाने से पहले युवती ने पुल पर अपनी घड़ी, चप्पल, कपड़े और कुछ रुपये रख दिए थे। मौके से एक कथित सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।

सुसाइड नोट में लिखा - बिना किसी विवाद के कूद रही हूं। बरामद सुसाइड नोट में युवती ने लिखा है कि वह बिना किसी विवाद के यमुना में कूद रही है। युवती ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी असली वजह अभी स्पष्ट नहीं है।घटना की सूचना के बाद करीब दो घंटे तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। बताया जा रहा है कि किशनपुर (फतेहपुर) और कमासिन (बांदा) थानों के बीच सीमा विवाद के कारण पुलिस के पहुंचने में देरी हुई। बाद में यह मामला बांदा जिले के कमासिन थाना क्षेत्र का होने पर कमासिन पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से युवती की तलाश शुरू की।पुलिस के देरी से पहुंचने से नाराज स्थानीय लोगों ने किशनपुर-दादों पुल पर जाम लगा दिया। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए काफी देर तक हंगामा किया। बाद में पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।इस संबंध में किशनपुर थानाध्यक्ष मनीष सिंह ने बताया कि यह मामला बांदा जिले से जुड़ा है, फिलहाल कमासिन पुलिस मौके पर कार्रवाई कर रही है। युवती की तलाश जारी है।

रिपोर्टर - शारिब कमर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.