11 हजार की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आया मजदूर
फतेहपुर : थरियांव थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की छत डालते समय एक मजदूर ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।जानकारी के अनुसार लक्ष्मणपुर गांव निवासी चंद्रपाल के 50 वर्षीय पुत्र रोशन मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। रोज की तरह आज सुबह भी वह गांव में ही एक निर्माणाधीन मकान में मजदूरी करने गए थे। बताया जा रहा है कि मकान की छत डालने का काम चल रहा था। छत के ठीक ऊपर से 11 हजार की बिजली लाइन गुजरी हुई है। काम के दौरान रोशन अचानक लाइन की चपेट में आ गए और करंट लगने से झुलस गए।साथी मजदूरों ने जब रोशन को तड़पते देखा तो तुरंत शोर मचाया। घटना की जानकारी मकान मालिक को दी गई। मानवता दिखाते हुए गृहस्वामी ने बिना देर किए अपने निजी वाहन से घायल मजदूर को जिला अस्पताल पहुंचाया।जिला अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने तुरंत रोशन को भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया है। डॉक्टरों के मुताबिक मजदूर की हालत पर नजर रखी जा रही है।सवालों में सुरक्षा व्यवस्था गांव में आबादी के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन और बिना सुरक्षा इंतजाम के हो रहा निर्माण कार्य, दोनों ने इस हादसे को न्यौता दिया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि आबादी क्षेत्र से गुजर रही खतरनाक लाइनों को हटाया जाए या ऊंचा किया जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।
रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी
No Previous Comments found.