बाढ़ पर प्रशासन अलर्ट डीएम ,एसपी ने किया प्रभावित इलाकों का दौरा
फतेहपुर : जनपद में यमुना के बढ़े जलस्तर से मची अफरा-तफरी के बीच आज जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आया। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने खुद मोर्चा संभालते हुए बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने बड़ाहार, सदनापुर और बिंदकी फार्म के जलमग्न इलाकों में पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ बाढ़ की स्थिति और आवागमन के रास्तों को देखा, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था और लोगों तक पहुंच रही मदद की हकीकत भी परखी।स्थलीय निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी का काफिला सीधे अभयपुर स्थित बाढ़ राहत शिविर पहुंचा। यहां उन्होंने राहत और बचाव कार्य की बारीकियां समझीं और शिविर में रह रहे परिवारों के बीच जाकर बैठ गए।डीएम ने महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों से एक-एक कर बात की - खाना समय से मिल रहा है? दवाइयां हैं? कोई दिक्कत तो नहीं लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं, जिस पर डीएम ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए निर्देश दिए कि राहत सामग्री और जरूरी सुविधाओं में कोई देरी बर्दाश्त नहीं होगी।
इस मौके पर जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल भी मौजूद रहे और उन्होंने भी अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा में कोई चूक न हो, अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए और खाली पड़े घरों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। प्रशासन की इस सक्रियता से बाढ़ पीड़ितों में भरोसा लौटा है।
रिपोर्टर : शारिब कमर
No Previous Comments found.