हसवा चौकी के बगल में दो पक्ष आमने-सामने, कथित फायरिंग से दहशत

फतेहपुर : जिले में जमीन विवाद एक बार फिर कानून-व्यवस्था की पोल खोलता नजर आ रहा है। मामला हसवा कस्बे का है, जहां महज पांच बीघा जमीन के लिए दो पक्ष सड़क पर आमने-सामने आ गए। हैरानी की बात यह है कि जिस जगह बवाल हुआ, वहां से हसवा पुलिस चौकी की दूरी महज 100 मीटर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर खींचतान चल रही थी। मंगलवार शाम विवाद ने तूल पकड़ लिया और देखते ही देखते गाली-गलौज, धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में भीड़ के बीच गोली चलने जैसी तेज आवाज सुनाई दे रही है, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया। हालांकि फायरिंग हुई है या यह किसी पटाखे या अन्य चीज की आवाज थी, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस ने अभी नहीं की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौकी के इतने करीब इस तरह का बवाल और कथित फायरिंग की घटना पुलिस की सक्रियता पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। अगर चौकी के सामने ही पक्ष इस तरह आमने-सामने आ सकते हैं तो दूर-दराज के इलाकों में क्या स्थिति होगी।फिलहाल इस कथित फायरिंग के वीडियो के वायरल होने के बाद फतेहपुर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों में दहशत का माहौल है।इस संबंध में पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है, मामले की जांच की जा रही है। जमीन विवाद के दोनों पक्षों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर : शारिब कमर 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.