सांसद के गनर हेड कांस्टेबल अभिषेक की मौत की सूचना से असोथर में मातम

दो अन्य पुलिसकर्मियों के गंभीर घायल होने की खबर से परिजनों में मचा कोहराम, मां परिजनों के साथ कानपुर रवाना

असोथर/फतेहपुर- आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भाजपा सांसद सुब्रत पाठक के स्कॉर्ट में चल रही स्कॉर्पियो के डिवाइडर से टकराने के हादसे में असोथर निवासी हेड कांस्टेबल अभिषेक त्रिपाठी उर्फ अन्नू (38) की मौत की सूचना से पैतृक गांव में मातम छा गया। हादसे में दो अन्य पुलिसकर्मियों के गंभीर घायल होने की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। अभिषेक की मां शकुंतला त्रिपाठी अन्य परिजनों के साथ कानपुर रवाना हो गईं।
अभिषेक स्वर्गीय संजीव कुमार त्रिपाठी के बड़े बेटे थे। उनकी शादी 13 दिसंबर 2015 को कानपुर के रामादेवी निवासी गुड़िया त्रिपाठी से हुई थी। वह पत्नी और चार वर्षीय बेटी के साथ कन्नौज में रहकर पुलिस विभाग में सेवाएं दे रहे थे। उन्हें पुलिस सेवा में करीब 18 वर्ष हो चुके थे। अभिषेक ने बीए के साथ फतेहपुर से आईटीआई की पढ़ाई भी की थी। उनके छोटे भाई आशीष त्रिपाठी कानपुर के एक निजी इंजीनियरिंग कॉलेज में अध्यापन करते हैं। अभिषेक की मौत की सूचना से असोथर स्थित पैतृक आवास पर शोक का माहौल है। पत्नी और मासूम बेटी के सिर से पिता का साया उठने की खबर से परिवार गहरे सदमे में है। परिजन हादसे से जुड़ी जानकारी लेने के लिए रवाना हुए हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.