तालाब और खेल मैदान बचाने की सरकारी कवायद के बीच जमीन विवादों का सिलसिला थम नहीं रहा

फतेहपुर : एक तरफ उत्तर प्रदेश सरकार प्रदेश भर में तालाबों के पुनर्जीवन और खेल मैदानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए लगातार अभियान चला रही है, वहीं दूसरी तरफ जनपद फतेहपुर में जमीनी विवादों से जुड़ी घटनाएं लगातार सुर्खियां बन रही हैं। कुछ दिन पहले ही हसवा चौकी क्षेत्र में जमीन पर कब्जे को लेकर दो पक्षों में गोलीकांड और गिरफ्तारी की घटना सामने आई थी।अब एक नया मामला थरियांव थाना अंतर्गत हसवा चौकी क्षेत्र के ग्राम चक बरारी बिलंदा से सामने आया है।इमामबाड़े की जमीन पर मकान बनाने का आरोप गांव निवासी मोहम्मद शमीम ने मुख्यमंत्री पोर्टल, सुन्नी वक्फ बोर्ड, अल्पसंख्यक कल्याण एवं वक्फ बोर्ड आयोग, राजस्व एवं आपदा विभाग और जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, चक बरारी बिलंदा में राजस्व खतौनी के गाटा संख्या 72 रकबा 0.0240 हेक्टेयर जमीन में इमामबाड़ा दर्ज है। आरोप है कि गांव के ही मुन्ना लोधी द्वारा उक्त जमीन पर अवैध रूप से मकान का निर्माण कराया जा रहा है।शिकायतकर्ता का दावा है कि पुलिस और लेखपाल की जांच रिपोर्ट में निर्माण कार्य रोकने, दोनों पक्षों के बीच शांति भंग की कार्रवाई करने और यथास्थिति बनाए रखते हुए न्यायालय की शरण लेने की बात कही गई थी। इसके बावजूद निर्माण कार्य फिर से शुरू करने का प्रयास किया गया, जिस पर दोबारा शिकायत होने पर काम रोका गया।क्या कहते हैं ग्रामीण,ग्रामीणों का कहना है कि जिले में भूमि विवादों की संख्या बढ़ी है, कई मामलों में प्रशासन ने भू-माफियाओं के खिलाफ जेल भेजने और जिलाबदर तक की कार्रवाई की है, लेकिन अभी भी कई जगहों पर सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें आ रही हैं।फिलहाल यह मामला राजस्व विभाग और पुलिस की जांच के अधीन है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर इमामबाड़े की जमीन को सुरक्षित करने की मांग की है।

रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.