असमय बारिश से फसल नुकसान का मुआवजा, सस्ता आलू बीज और खाद की पर्याप्त उपलब्धता की उठाई मांग
फतेहपुर - भारतीय किसान यूनियन (अराजनैतिक) ने शुक्रवार को किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम के नेतृत्व में संगठन ने आगामी पेराई सत्र के लिए गन्ने का राज्य परामर्शी मूल्य बढ़ाकर 500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने समेत छह प्रमुख मांगें उठाईं। ज्ञापन में कहा गया कि गन्ना प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार है और लाखों किसान परिवारों की आजीविका इससे जुड़ी है। डीजल, खाद, कीटनाशक, सिंचाई और कृषि मजदूरी की लागत लगातार बढ़ रही है, लेकिन गन्ने के मूल्य में लागत के अनुरूप वृद्धि नहीं हुई है। संगठन ने किसानों को समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित करने की भी मांग की। किसान यूनियन ने हाल की असमय बारिश और तेज हवाओं से धान, उड़द, मूंग समेत अन्य फसलों को हुए नुकसान का गांववार सर्वे कराकर प्रभावित किसानों को मुआवजा और फसल बीमा की राशि शीघ्र दिलाने की मांग की। साथ ही खेतों और खलिहानों में रखी उपज को हुए नुकसान को भी नियमानुसार राहत में शामिल करने की बात कही। ज्ञापन में आलू किसानों को कोल्ड स्टोर के किराये में सहायता देने की व्यवस्था का लाभ शासनादेश जारी होने से पहले आलू निकाल चुके किसानों को भी देने की मांग की गई। संगठन ने उद्यान विभाग द्वारा आलू का बीज 3600 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उपलब्ध कराए जाने पर आपत्ति जताते हुए इसकी कीमत अधिकतम 1500 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग रखी।
इसके अलावा ठेके और बटाई पर खेती करने वाले वास्तविक किसानों को भी मुआवजा एवं राहत योजनाओं का लाभ देने, ग्राम पंचायत, लेखपाल और कृषि विभाग के संयुक्त सत्यापन से उनकी पहचान करने तथा यूरिया और डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की गई। संगठन ने खाद की कालाबाजारी, जमाखोरी और निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई। जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने कहा कि बढ़ती कृषि लागत, प्राकृतिक आपदाओं और बाजार की अनिश्चितताओं के बीच किसानों के हितों की रक्षा के लिए सरकार को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से सभी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने का आग्रह किया गया।
रिपोर्टर - शहंशाह आब्दी

No Previous Comments found.