औंग रेलवे अंडरपास की दीवार से टकराया गिट्टी भरा ट्रक, चालक कूदकर भागा, बड़ा हादसा टला
फतेहपुर : औंग-सकुरा मार्ग पर बने औंग रेलवे अंडरपास में एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ब्रेक फेल होने से गिट्टी से भरा एक ट्रक अंडरपास की दीवार से जोरदार टकरा गया। गनीमत रही कि टक्कर के वक्त सामने से कोई वाहन नहीं आ रहा था, वरना जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक औंग की ओर से गिट्टी लादकर खदरा गांव की ओर जा रहा था। जैसे ही ट्रक अंडरपास के ढलान पर पहुंचा, उसकी ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। अनियंत्रित होकर ट्रक सीधे अंडरपास की दीवार से जा टकराया और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।ट्रक के दीवार से टकराने से ठीक पहले चालक ने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि अंडरपास का यह ढलान काफी खतरनाक है और अक्सर यहां ब्रेक फेल होने की घटनाएं होती हैं।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.