नगर निकाय ने राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक आनंद मिश्र को दिया 'शिक्षा रत्न सम्मान'

फतेहपुर :  जिले के खागा नगर पंचायत सभागार में शनिवार अपराह्न आयोजित समारोह में ऐरायां ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय मलूकपुर के शिक्षक और वर्ष 2025 के राज्य अध्यापक पुरस्कार विजेता आनंद कुमार मिश्र को प्रतिष्ठित ‘शिक्षा रत्न सम्मान’ से सम्मानित किया गया। बेसिक शिक्षा के उन्नयन, अभिनव प्रयोगों, उत्कृष्ट समाजसेवा तथा वंचित वर्ग के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के अप्रतिम योगदान के लिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद शिक्षक आनंद कुमार मिश्र ने कहा कि शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर मातृशक्ति के हाथों यह सम्मान पाकर अभिभूत हूं। नगर निकाय की स्थापना के सौवें वर्ष में यह सम्मान मिलना मेरे लिए गौरव और ऐतिहासिक महत्व का क्षण है। नगर पंचायत अध्यक्ष गीता सिंह ने कहा कि आनंद मिश्र ने अपने अभिनव शिक्षण और निस्वार्थ समाजसेवा से न केवल नगर बल्कि पूरे जनपद का मान बढ़ाया है। उनका समर्पण समाज के लिए मिसाल है। वहीं अधिशासी अधिकारी देवहूती पांडेय ने कहा कि नगर के गौरवशाली शिक्षक को सम्मानित करना पूरे निकाय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। शिक्षा के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का उनका प्रयास सराहनीय है। इस अवसर पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री विजय त्रिपाठी सहित अन्य शिक्षक और निकायकर्मी उपस्थित रहे।

नवाचारों और लेखन से परिषदीय शिक्षा को दी नई पहचान

आनंद कुमार मिश्र का शैक्षणिक सफर नवाचारों और उपलब्धियों से भरा रहा है। बेसिक शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान पर उत्तर प्रदेश शासन द्वारा उन्हें ‘राज्य शिक्षक पुरस्कार’ से नवाजा जा चुका है। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्य सचिव भी उनके कार्यों की प्रशंसा कर चुके हैं। उन्होंने प्राथमिक शिक्षा और बच्चों के ड्रॉप-आउट पर शोध किया है, जो एनसीईआरटी और प्रतिष्ठित राष्ट्रीय जर्नल्स में प्रकाशित हुए हैं। बाल सुलभ शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए उन्होंने 'मुस्कानालय', 'माई प्लांट माई लाइफ' तथा 'रीड एंड रिसीव' जैसे नवाचार शुरू किए। वे एक प्रखर लेखक भी हैं, उनकी पुस्तक ‘बोलता बचपन’ का विमोचन राज्यपाल द्वारा किया जा चुका है। वे अब तक आठ किताबें लिख चुके हैं।

प्रगणकों को भी किया सम्मानित नगर पंचायत प्रशासन ने जनगणना-2027 के प्रथम चरण में उल्लेखनीय कार्य करने वाले करीब दो दर्जन प्रगणकों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। ईओ देवहूती पांडेय और अध्यक्ष गीता सिंह ने सभी प्रगणकों के कार्य की सराहना की।

रिपोर्टर : शारिब कमर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.