किसानों का फोन न उठाने पर होगी कार्रवाई,CDO पवन मीना ने किसान दिवस में अधिकारियों को लगाई फटकार
फतेहपुर : विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान सीडीओ ने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं को लेकर कड़ा पाठ पढ़ाया।सीडीओ ने दिया सख्त निर्देश,मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि किसान दिवस में मिलने वाले प्रार्थना पत्रों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से मौके पर जाकर किया जाए। शिकायतकर्ता को मौके पर बुलाकर समस्या का समाधान कराया जाए। यदि तत्काल निस्तारण संभव नहीं है तो समय सीमा तय कर किसान को अवगत कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि
किसानों का फोन हर हाल में रिसीव किया जाए, उनकी समस्या सुनकर उसका निस्तारण कराया जाए ताकि किसानों में असंतोष न फैले।
अधिकारियों ने दी योजनाओं की जानकारी
बैठक का संचालन उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने किया। उन्होंने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य रूप से कराने, पराली न जलाने और एसएमएस लगे हार्वेस्टर से ही धान की कटाई करने की अपील की।
जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने बताया कि रबी सीजन के लिए जनपद में पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध है। समितियों पर उर्वरक भेजा जा रहा है और जोत के आधार पर वितरण होगा। किसानों से जरूरत के अनुसार ही उर्वरक खरीदने की अपील की गई।
जिला उद्यान अधिकारी डॉ. रमेश पाठक ने उद्यान विभाग की योजनाओं पीएम सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण योजना, मुख्यमंत्री फल उद्यान योजना, एकीकृत बागवानी मिशन आदि की जानकारी दी।मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. वेदवृत्त गंगवार ने पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरीपालन योजनाओं तथा अग्रणी जिला प्रबंधक गोपाल कृष्णा ने फसल बीमा, सुरक्षा बीमा, अटल पेंशन, मुद्रा योजना के बारे में बताया।किसानों ने उठाए मुद्दे,किसान शिवधेश मौर्य (ग्राम सीतापुर, ब्लाक हसवां) ने बताया कि ग्राम कुतुवापुर के पास लघु सिंचाई विभाग द्वारा बनाए गए तालाब के निकास पाइप के ऊंचा होने से जलभराव हो रहा है।
भाकियू अरा. के जिला उपाध्यक्ष वृषभान सिंह ने ग्राम कोंडर में जल जीवन मिशन के तहत खुदी सड़क को ठीक कराने तथा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने चकबंदी वाले गांवों में किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने की मांग की।
इस मौके पर सिंचाई, निचली गंगा नहर, विद्युत प्रथम व तृतीय, खाद्य एवं विपणन, नलकूप, सहकारिता, ड्रेनेज, रेशम विभाग के अधिशासी अभियंता, मंडी सचिव, गन्ना पर्यवेक्षक सहित सभी जनपद स्तरीय अधिकारी और प्रगतिशील किसान प्रेम सागर मिश्र, सोनू सिंह गौतम, रणविजय सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
रिपोर्टर : शारिब कमर

No Previous Comments found.