शांति भंग करने के आरोप में 12 लोगों पर निरोधात्मक कार्रवाई

फतेहपुर - सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के कर्मेपुर गांव के मजरे बरहापार में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान गुलाल डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हो गई। घटना में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले में 19 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 12 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की है। बरहापार और मेहदौली के लोगों के बीच मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान गुलाल डालने को लेकर विवाद हुआ था, जो मारपीट में बदल गया। घटना में बरहापार के पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। मामले में संदीप पुत्र मूलचंद निवासी कर्मेपुर, मजरा बरहापार की तहरीर पर सुल्तानपुर घोष थाने में मुकदमा संख्या 140/2026 दर्ज किया गया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 191(2), 191(3), 115(2) और 352 के तहत 19 नामजद तथा अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 21 और 22 अक्टूबर को कुल 12 लोगों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं 170, 126 और 135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र में सतर्कता बरती जा रही है और मामले में साक्ष्य संकलन के साथ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर - शारिब कमर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.