डीजे की आवाज कम करने को लेकर विवाद, गर्भवती महिला के पेट में मारी लात; तीन गिरफ्तार
फतेहपुर - खागा कोतवाली क्षेत्र के रामनगर मजरे पाभीपुर में डीजे की तेज आवाज कम करने को लेकर हुए विवाद में सात माह की गर्भवती महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि बीच-बचाव करने पहुंची महिला के पेट में लात मार दी गई, जिससे वह बेहोश हो गई। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, घटना 20 अक्टूबर की रात की है। 21 अक्टूबर को पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि डीजे की आवाज कम करने को लेकर अमन, पंकज और राधेश्याम ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। बीच-बचाव करने आई वादी की सात माह की गर्भवती पत्नी के पेट में भी लात मार दी गई, जिससे वह बेहोश हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया गया। तहरीर के आधार पर खागा थाने में मुकदमा संख्या 470/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 352 और 110 के तहत कार्रवाई शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं 170, 126 और 135 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में अमन पुत्र श्याम राज (24), पंकज पुत्र राधेश्याम (23) और राधेश्याम पुत्र राम बहादुर (50), निवासी रामनगर मजरे पाभीपुर, थाना खागा शामिल हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक किशन कुमार, हेड कांस्टेबल दयाराम निषाद और कांस्टेबल अखिलेश यादव शामिल रहे।
रिपोर्टर - शहंशाह आब्दी

No Previous Comments found.