नगर पालिका के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने उठाईं समस्याएं, वेतन और पीएफ भुगतान की मांग
फतेहपुर - नगर पालिका परिषद फतेहपुर में कार्यरत आउटसोर्सिंग और संविदा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण की मांग उठाई गई है। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद धीरज कुमार ने 24 अक्टूबर 2026 को अधिशासी अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों को समय से वेतन देने सहित 11 मांगों के समाधान की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है कि आउटसोर्सिंग कर्मचारी कोरोना काल और विभिन्न त्योहारों के दौरान विषम परिस्थितियों में भी ईमानदारी और कर्मठता के साथ काम करते रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मांग की गई है कि कर्मचारियों को प्रत्येक माह की एक से पांच तारीख के बीच वेतन दिया जाए तथा वेतन पर्ची और नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा ईएसआई कार्ड और बीमा की व्यवस्था करने, संबंधित ठेकेदार द्वारा कर्मचारियों के भविष्य निधि (पीएफ) की धनराशि जमा करने और उसका लेखा-जोखा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। ज्ञापन में कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण और चिकित्सकीय सुरक्षा उपलब्ध कराने, संविदा कर्मचारियों के बकाया पीएफ का भुगतान करने, साप्ताहिक अवकाश और शासन द्वारा निर्धारित छुट्टियां देने की भी मांग उठाई गई है। साथ ही कर्मचारियों को बिना वजह परेशान न करने और ठेकेदारों द्वारा नौकरी से निकालने की धमकी दिए जाने की शिकायतों पर रोक लगाने की मांग की गई है। धीरज कुमार ने कहा कि कर्मचारियों को शासन द्वारा निर्धारित सुविधाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिशासी अधिकारी से सभी समस्याओं का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
रिपोर्टर - कमर

No Previous Comments found.