पीड़ित जमाकर्ता परिवार का राष्ट्रीय अधिवेशन, भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान

फतेहपुर : पीड़ित जमाकर्ता परिवार के बैनर तले नहर कॉलोनी परिसर में चिटफंड कंपनियों में जमा धनराशि के भुगतान की मांग को लेकर राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड और हरियाणा समेत विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय संस्थापक सूरजदीन विश्वकर्मा ने की। अधिवेशन में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि देश के करोड़ों निवेशकों की जमा धनराशि वापस दिलाने के लिए आंदोलन को राष्ट्रीय स्तर पर तेज किया जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम, 2019 के तहत निवेशकों के भुगतान की मांग की जा रही है। संगठन का दावा है कि विभिन्न राज्यों में भुगतान के लिए करोड़ों की संख्या में दावा प्रपत्र जमा किए गए हैं, लेकिन निवेशकों को अब तक उनकी धनराशि नहीं मिल सकी है।

अधिवेशन में सरकार से कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराकर निवेशकों का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। इस दौरान “भुगतान करो या सत्ता छोड़ो” का नारा देते हुए देशभर में एकजुट होकर आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। राष्ट्रीय संस्थापक सूरजदीन विश्वकर्मा ने कहा कि विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाकर भुगतान होने तक अनशन सहित आंदोलन जारी रखने की रणनीति बनाई जाएगी।
लखनऊ से पहुंचे मुख्य अतिथि रमेश सिंह ने भुगतान से संबंधित कानूनी प्रक्रियाओं की जानकारी दी। हरियाणा से आए विशिष्ट अतिथि नरेंद्र प्रसाद ने भी कानून के तहत निवेशकों को भुगतान दिलाने की मांग उठाई। अधिवेशन में बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे। इस मौके पर जिलाध्यक्ष अंबिका प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष हरिओम प्रजापति, महासचिव सतीश कुमार विश्वकर्मा, रामशरण दास, राकेश कुमार साहू, शिवबली प्रसाद, राजकुमार गुप्ता, अवधेश कुमार, सत्येंद्र कुमार, विजय कुमार, विनोद कुमार, रामऔतार, डॉ. इंद्रपाल, संजय विश्वकर्मा, रामकरन, डॉ. रामस्वरूप वर्मा, प्रदीप कुमार शर्मा, वंश गोपाल, प्रेमलाल, मोहम्मद कलीम, दीपक कुमार सैनी, जितेंद्र सिंह, लोकेश कुमार, बलरामचंद और अन्य पदाधिकारी व निवेशक मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि निवेशकों की जमा पूंजी वापस दिलाने के लिए देशव्यापी आंदोलन को मजबूती दी जाएगी।

रिपोर्टर : शहंशाह आब्दी 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.