हथगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार, थार कार बरामद

फतेहपुर :  अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हथगांव पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त महिन्द्रा थार कार, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,620 रुपये नकद बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान थाना हथगांव पुलिस ने 25 अक्टूबर 2026 को अंकेश यादव (21) पुत्र जुगराज, निवासी ग्राम महरूपुर, थाना हथगांव को गिरफ्तार किया। आरोपी अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक मामले में वांछित चल रहा था।पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को हथगांव पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 19.030 किलोग्राम अवैध गांजा, एक कूटरचित HSRP नंबर प्लेट और महिन्द्रा TUV वाहन बरामद किया था। इस मामले में थाना हथगांव पर BNS और धारा 8/20 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में चार आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके हैं।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ ओडिशा से गांजा लाकर फतेहपुर और आसपास के क्षेत्रों में बेचता था। बिक्री से प्राप्त रकम को सभी साथी आपस में बांट लेते थे। तस्करी के दौरान आरोपी अलग-अलग वाहनों से चलते थे और मोबाइल फोन के माध्यम से रास्ते की जानकारी साझा करते थे।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया।गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक आलोक कुमार तिवारी, मुख्य आरक्षी राजेश सिंह, मुख्य आरक्षी एजाज अंसारी, आरक्षी रणवीर सिंह और रिजर्व आरक्षी प्रवीण यादव शामिल रहे।

रिपोर्टर :  शहंशाह आब्दी 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.